आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में प्रशासनिक लापरवाही का एक ऐसा मामला सामने आया है, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है. टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग के सर्विस रोड पर खरकाई टीओपी से सटे जयप्रकाश उद्यान के समीप वर्षों से खड़ा एक जब्त ट्रक अब लोगों के लिए खतरे की घंटी बन चुका है.


स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिस द्वारा जब्त किए जाने के बाद इस ट्रक को सर्विस रोड किनारे खड़ा कर दिया गया था. समय बीतने के साथ ट्रक के नीचे की मिट्टी धंसती चली गई और अब इसकी स्थिति काफी खतरनाक हो गई है. ट्रक एक ओर बुरी तरह झुक गया है और किसी भी समय पलट सकता है.
बरसात का मौसम शुरू हो चुका है. लगातार हो रही बारिश के कारण मिट्टी धंसने की प्रक्रिया और तेज हो सकती है. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि यदि ट्रक अचानक पलट गया तो सड़क से गुजर रहे राहगीर, वाहन चालक या आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ सकते हैं.
सबसे हैरानी की बात यह है कि यह ट्रक खरकाई टीओपी के ठीक समीप खड़ा है, बावजूद इसके अब तक इसे हटाने या सुरक्षित स्थान पर ले जाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई वर्षों से यह ट्रक इसी हालत में पड़ा हुआ है और हर बारिश के साथ इसका खतरा बढ़ता जा रहा है.
स्थानीय पार्षद नीतू शर्मा ने बताया कि इस संबंध में कई बार स्थानीय पुलिस और संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई है. उन्होंने कहा कि ट्रक की मौजूदा स्थिति किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है.
क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रशासन अक्सर हादसों के बाद सक्रिय होता है, जबकि इस मामले में खतरा साफ दिखाई दे रहा है. लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस से तत्काल ट्रक को वहां से हटाने तथा संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है. अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर प्रशासन किसी अनहोनी के बाद जागेगा या समय रहते कार्रवाई कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा.
Edited By Sarita Mahato

