जमशेदपुर: साकची स्थित बसंत टॉकीज के समीप भाजपा कार्यालय के सामने सोमवार देर रात करीब 12 बजे कार सवार पांच युवकों ने कथित रूप से जमकर हंगामा किया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि युवक नशे की हालत में थे और सड़क से गुजर रहे लोगों के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट कर रहे थे. करीब 20 मिनट तक सड़क पर हंगामे की स्थिति बनी रही.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सूचना मिलने पर पास में मौजूद पीसीआर वाहन मौके पर पहुंचा. पुलिस को देखकर युवकों ने कार से भागने की कोशिश की. आरोप है कि इस दौरान कार से कई वाहनों को टक्कर भी लगी. बाद में अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा और सभी पांच युवकों को पकड़ लिया गया. बताया जा रहा है कि युवकों ने पुलिसकर्मियों से भी उलझने की कोशिश की.
कार की तलाशी के दौरान शराब और बेसबॉल बैट समेत अन्य सामान मिलने की बात सामने आई है. हालांकि युवकों के नशे में होने, बरामद सामान और उनके खिलाफ दर्ज मामले को लेकर पुलिस की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है. पुलिस की आधिकारिक जानकारी के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी.

