हज़ारीबाग: रामनवमी के अवसर पर जिले के गदोखर गांव में 27/28 मार्च की रात निकले जुलूस के दौरान एक दुखद घटना सामने आई. जहां

शोभायात्रा में शामिल रामकुमार साव पर कुछ आरोपियों ने पूर्व रंजिश के कारण हमला कर दिया. भुजाली से किए गए इस हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया और लगातार छापेमारी शुरू की. कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी करण कुमार यादव, नितेश कुमार यादव और अरुण यादव को गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त खून लगा हथियार भी बरामद किया है. पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वारदात पुरानी दुश्मनी के कारण अंजाम दी गई.
इसी दौरान दिपूगढ़ा क्षेत्र में एक अन्य घटना में मुकेश सिंह पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें वे घायल हो गए. उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस मामले में भी पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी राजू थोथा उर्फ प्रणय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों घटनाओं में पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से कानून- व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश स्पष्ट रूप से नजर आई है.

