जामताड़ा/ Manish Baranwal JSCA सीनियर इंटर डिस्ट्रिक्ट एलीट ग्रुप एचपी बोधनवाला टूर्नामेंट में जामताड़ा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी जीत दर्ज की है. रांची स्थित टोरियन वर्ल्ड स्कूल ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में देवघर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. देवघर की टीम 42.4 ओवर में 140 रन बनाकर ऑल आउट हो गई और जामताड़ा के सामने 141 रन का लक्ष्य रखा.

देवघर की ओर से सिद्धांत रघुवंशी ने 28 रन, गौरव शर्मा ने 31 रन और उत्कर्ष आनंद ने 24 रन का योगदान दिया. उधर जामताड़ा की ओर से गेंदबाजी में प्रिंस अनुराग मुर्मू, मुकेश कुमार और अविनाश कुमार ने 3- 3 विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जामताड़ा की टीम ने 24.3 ओवर में मात्र 2 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया और 8 विकेट से जीत दर्ज की. बल्लेबाजी में मुकेश कुमार ने नाबाद 53 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अविनाश कुमार ने नाबाद 30 रन बनाए.
ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मुकेश कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. उन्होंने गेंदबाजी में भी 3 विकेट झटके.
लगातार तीसरी जीत के साथ जामताड़ा की टीम ने टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है. अब टीम का अगला मुकाबला हजारीबाग से उषा मार्टिन ग्राउंड में होगा, जबकि लीग का अंतिम मैच रामगढ़ के साथ JSCA ओवल ग्राउंड में खेला जाएगा.

