चांडिल: कपाली नगर परिषद क्षेत्र में साफ-सफाई और सार्वजनिक सुविधाओं के रखरखाव को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं. हांसाडुंगरी स्थित चांद होटल के समीप गीले और सूखे कचरे के लिए लगाया गया डस्टबिन अपनी जगह से हटकर झाड़ियों के बीच उलटा-पलटा पड़ा है. इसकी सुध लेने वाला फिलहाल कोई नजर नहीं आ रहा है.


नगर परिषद की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर डस्टबिन लगाने का उद्देश्य लोगों को निर्धारित स्थान पर कचरा डालने की सुविधा देने के साथ गीले और सूखे कचरे का बेहतर प्रबंधन करना है. लेकिन डस्टबिन ही झाड़ियों में पड़ा हो तो उसके उपयोग और नियमित रखरखाव को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है.
स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहा है कि क्या केवल डस्टबिन लगाना ही नगर परिषद की जिम्मेदारी है या उसकी नियमित निगरानी और रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए. सार्वजनिक सुविधाओं को उपलब्ध कराने के साथ उन्हें उपयोग योग्य बनाए रखना भी जरूरी है.
अब देखना होगा कि कपाली नगर परिषद के संबंधित अधिकारी कब मामले का संज्ञान लेते हैं और झाड़ियों में पड़े डस्टबिन को व्यवस्थित कर दोबारा उपयोग योग्य बनाते हैं. क्षेत्र के लोगों को नगर परिषद से जल्द व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की उम्मीद है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

