रांची: खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने 28 और 29 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक एवं निजी विद्यालयों में KG से 12वीं तक की कक्षाएं स्थगित रखने का निर्णय लिया है. विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 34 के तहत जारी किया गया है.


मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रांची सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज हवा के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम संबंधी चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है.
पहले से तय परीक्षा पर स्कूल प्रबंधन ले सकेगा फैसला
यदि किसी निजी विद्यालय में पहले से परीक्षा निर्धारित है तो विद्यालय प्रबंधन परीक्षा आयोजित करने अथवा स्थगित करने का निर्णय अपने स्तर से ले सकेगा. इसकी सूचना जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय को देना अनिवार्य होगा.
विद्यार्थियों की कक्षाएं स्थगित रहने के बावजूद शिक्षक- शिक्षिकाओं को दोनों दिन विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर- शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा. सरकारी एवं गैर- सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों की उपस्थिति ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी.
जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से मौसम संबंधी आधिकारिक चेतावनियों पर नजर रखने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

