गम्हरिया: मजदूरी बढ़ाने और सरकारी प्रावधानों के अनुरूप सुविधाएं देने की मांग को लेकर रामकृष्ण कास्टिंग सोल्यूशन लिमिटेड की यूनिट-9 के सैकड़ों ठेका मजदूर सोमवार को आंदोलन पर उतर गए. आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया के लार्ज सेक्टर स्थित कंपनी के मुख्य गेट को जाम कर मजदूर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं.


आंदोलनरत मजदूरों का आरोप है कि लंबे समय से मजदूरी बढ़ाने की मांग की जा रही है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर मामला टाल दिया जाता है. मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें नियमानुसार मिलने वाली कई सुविधाओं का लाभ नहीं दिया जा रहा है.
ए शिफ्ट में काम ठप, तीनों शिफ्ट के मजदूर आंदोलन में
मजदूरों के अनुसार ए शिफ्ट के कर्मियों ने फिलहाल काम का बहिष्कार कर दिया है. आंदोलन में तीनों शिफ्ट के ठेका मजदूर शामिल हैं. बड़ी संख्या में मजदूर कंपनी गेट के सामने डटे हुए हैं और मजदूरी वृद्धि सहित अपनी मांगों को पूरा करने की मांग कर रहे हैं.

बताया जा रहा है कि ठेकेदार की ओर से मजदूरों को समझा-बुझाकर काम पर वापस भेजने का प्रयास किया गया, लेकिन मजदूर अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं. उनका कहना है कि इस बार केवल आश्वासन नहीं, बल्कि मजदूरी वृद्धि और सुविधाओं को लेकर ठोस निर्णय चाहिए. फिलहाल कंपनी प्रबंधन की ओर से मजदूरों के आरोपों और मांगों पर आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है.

