सरायकेला: देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खरसावां थाना परिसर में शनिवार को देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल देखने को मिला. थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने गरिमापूर्ण माहौल में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी. तिरंगा लहराते ही पूरा थाना परिसर देशभक्ति के जज्बे से सराबोर हो उठा.


ध्वजारोहण के दौरान पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया. थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन वीर शहीदों को याद करने का दिन है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया.
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर हैं.
राहुल कुमार सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन जी रहे हैं. प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाए तथा संविधान और कानून का सम्मान करे.
उन्होंने पुलिसकर्मियों से आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने की अपील की. उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा.
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान थाना परिसर में देशभक्ति का उत्साह चरम पर रहा. खरसावां पुलिस ने तिरंगे की आन, बान और शान के साथ राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया. कार्यक्रम के समापन पर पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया.

