गिरिडीह: जिले में रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में वैगनआर चालक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा सरिया थाना क्षेत्र के निमाटांड़ गांव के समीप हुआ.


बताया जा रहा है कि आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से टकराने के बाद कार उसमें बुरी तरह फंस गई. इसके बावजूद ट्रेलर करीब छह किलोमीटर आगे बिरनी थाना क्षेत्र के मंझिलाडीह तक पहुंच गया. इसके बाद चालक ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया.
मृतक की पहचान महेश यादव के रूप में हुई है, जबकि भुवनेश्वर यादव और बंशी यादव गंभीर रूप से घायल हुए हैं. दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए बगोदर ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है.
केशवारी से घर लौट रहे थे तीनों
जानकारी के अनुसार वैगनआर सवार तीनों लोग सरिया थाना क्षेत्र के केशवारी से धनवार प्रखंड के गोरहंद स्थित अपने गांव लौट रहे थे. निमाटांड़ के समीप उनकी कार आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से टकरा गई. टक्कर के बाद कार ट्रेलर में फंस गई.
बताया जा रहा है कि इसके बाद भी ट्रेलर नहीं रुका और कार करीब छह किलोमीटर तक उसके साथ घिसटती हुई मंझिलाडीह तक पहुंच गई. वहां ट्रेलर रुकने के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.
हथौड़े से कार तोड़कर निकाले गए लोग
मंझिलाडीह में ट्रेलर और बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. सूचना मिलने पर बिरनी थाना प्रभारी आकाश सिंह भारद्वाज पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू कराया.
कार इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी कि उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए हथौड़े की मदद से कार के हिस्सों को तोड़ना पड़ा. तब तक चालक महेश यादव की मौत हो चुकी थी. भुवनेश्वर यादव और बंशी यादव को गंभीर हालत में बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया. पुलिस अब दुर्घटना की परिस्थितियों के साथ फरार ट्रेलर चालक की तलाश और उसकी पहचान की दिशा में कार्रवाई कर रही है.

