गम्हरिया: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर लक्ष्य झारखंड एक सेवा संस्था की ओर से शनिवार को जगन्नाथपुर पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया. इस दौरान कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया.



कार्यक्रम में भारतीय सेना एवं पुलिस बल से सेवानिवृत्त गौरी शंकर तिवारी, मथुरा सिंह, रामसेवक सिंह एवं राजेंद्र सिंह को तिरंगा अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया. उपस्थित लोगों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए देश सेवा के प्रति सम्मान व्यक्त किया.
वक्ताओं ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान का प्रतीक है. वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने अद्वितीय पराक्रम का परिचय देते हुए दुश्मनों को परास्त किया और टाइगर हिल सहित कई महत्वपूर्ण चोटियों पर पुनः तिरंगा फहराकर देश का गौरव बढ़ाया. उन्होंने कहा कि वीर सैनिकों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा.

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर भी विशेष बल दिया गया. उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया. संस्था के सदस्यों ने कहा कि राष्ट्र सेवा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है.
इस अवसर पर संस्था की सचिव रश्मि भेंगरा, मनीष कुमार सिंह, कमलदेव राय, राहुल सिंह, कमलेश सिंह, विनय सिंह, अमरेश कुमार, मनोज सिंह, जितेन गोप, धनंजय कुमार, छोटू सिंह, रिजु कुमार, पुतना प्रमाणिक, तारक गोप, राकेश शर्मा, अभिषेक मिश्रा, पूनम ठाकुर, नीरज शर्मा सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय





