जमशेदपुर: शहर के मरीन ड्राइव पर रविवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. जहां कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर के समीप एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में 18 वर्षीय गणेश पात्रो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी निखिल साहू गंभीर रूप से घायल हो गया.



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक बाइक से कदमा टोल ब्रिज की ओर से दोमुहानी की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान रामजनमनगर के पास बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज गति से डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायल निखिल साहू को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया. चिकित्सकों के अनुसार उसके हाथ में गंभीर चोट आई है और एक हाथ टूट गया है.

सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय बाइक की रफ्तार काफी तेज थी और दोनों युवकों ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है. यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और हेलमेट पहनने की आवश्यकता को रेखांकित करता है.





