नई दिल्ली: केंद्र सरकार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री की सलाह पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. इसके साथ ही शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी अस्थायी रूप से केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी को सौंप दी गई है.



राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री की सलाह पर राष्ट्रपति ने धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है. साथ ही केंद्रीय मंत्रिमंडल में उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी को उनके वर्तमान मंत्रालयों के अतिरिक्त शिक्षा मंत्रालय का भी प्रभार सौंपा गया है.
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद शिक्षा मंत्रालय का कार्यभार अब प्रल्हाद जोशी संभालेंगे. सरकार की ओर से फिलहाल नए पूर्णकालिक शिक्षा मंत्री की नियुक्ति की घोषणा नहीं की गई है. ऐसे में प्रल्हाद जोशी अतिरिक्त प्रभार के रूप में मंत्रालय का संचालन करेंगे.
हालांकि, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के कारणों को लेकर आधिकारिक विज्ञप्ति में कोई जानकारी नहीं दी गई है. माना जा रहा है कि केंद्र सरकार जल्द ही शिक्षा मंत्रालय को लेकर आगे का निर्णय ले सकती है.





