चक्रधरपुर: बाहुड़ा रथ यात्रा के दूसरे दिन शनिवार को चक्रधरपुर के पुरानाबस्ती स्थित मौसीबाड़ी से भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा अपने मुख्य मंदिर के लिए रवाना हुए. इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र जय जगन्नाथ के जयघोष से गुंजायमान रहा.



धार्मिक आयोजन में खरसावां विधायक दशरथ गागराई अपनी धर्मपत्नी एवं समाजसेवी बासंती गागराई के साथ शामिल हुए. दोनों ने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. विधायक दंपति ने श्रद्धालुओं के साथ रथ खींचकर अपनी आस्था भी प्रकट की.
इस अवसर पर विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की महिमा अपरंपार है और उनकी कृपा से ही मानव जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार होता है. उन्होंने कहा कि रथ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और मानवता का संदेश देने वाला महापर्व है. इस पर्व में सभी वर्गों और समुदायों के लोग बिना किसी भेदभाव के एक साथ शामिल होकर हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करते हैं.
उन्होंने श्रद्धालुओं से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद क्षेत्र के सभी लोगों पर बना रहे और क्षेत्र निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े.
समाजसेवी बासंती गागराई ने भी भगवान जगन्नाथ के चरणों में मत्था टेककर परिवार, समाज और क्षेत्र की खुशहाली की प्रार्थना की. बाहुड़ा रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया.
इस अवसर पर उत्तम साहु, दिनेश जेना, सपन षड़ंगी, टिकलु षाड़ंगी, आदिकांत मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे.





