चांडिल: ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के आगसिया गांव में सरहुल महोत्सव का आयोजन धूमधाम और पारंपरिक उल्लास के साथ किया गया. जोहार जाहेर सारना पूजा माहली समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र की विधायक सविता महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं.

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि- विधान के तहत जाहेरथान में पूजा- अर्चना के साथ हुई. इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें पारंपरिक नृत्य और गीतों की शानदार प्रस्तुति दी गई.

महोत्सव को संबोधित करते हुए विधायक सविता महतो ने कहा कि सरहुल प्रकृति और परंपरा से जुड़ा पवित्र पर्व है, जो आदिवासी समाज की पहचान और संस्कृति को जीवित रखता है. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं.
उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी देखने को मिली, जिसमें महिलाओं और युवाओं की उपस्थिति विशेष रही.

पूरे आयोजन के दौरान पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़ों की गूंज और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल उत्सवमय बना रहा. कार्यक्रम के अंत में समिति के सदस्यों ने विधायक को पारंपरिक अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. इस मौके पर झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, अमित सिन्हा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.

