जामताड़ा/ Manish Baranwal भारत रत्न डॉ भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर अंबेडकर चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लांगुरी सहित कई अधिकारियों ने बाबा साहेब को नमन किया.

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें समाज का महान पथप्रदर्शक बताया.
उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार ने जिलेवासियों को अंबेडकर जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा साहेब ने भारतीय संविधान के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई. उन्होंने जीवनभर कमजोर, वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया और समाज में समानता की नींव रखी.
अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल एक विधि विशेषज्ञ ही नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानी और महान समाज सुधारक भी थे. उनके द्वारा किए गए कार्य हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और हमें उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाने की आवश्यकता है.
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत सोमा खंडेत, अंचल अधिकारी अबिश्वर मुर्मू सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे. सभी ने बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया.

