बोकारो/ Shubham Mishra जिले के पेटरवार प्रखंड अंतर्गत खेतको में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. मंदिर के समीप से गुजर रही शोभायात्रा के दौरान हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से छह लोग घायल हो गए.

जानकारी के अनुसार, लगभग 1 लाख 32 हजार वोल्ट के विद्युत तार के पास पताका मिलान के दौरान अचानक करंट का झटका लग गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे में छह लोग झुलसकर घायल हो गए.

घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को आनन- फानन में बीटीपीएस डीवीसी और जारंगडीह जनता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया. चिकित्सकों ने सभी घायलों को खतरे से बाहर बताया है.
घटना की सूचना मिलते ही मुकेश कुमार मछुआ, वशिष्ठ नारायण सिंह, बीडीओ संतोष महतो और थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना.
दो गंभीर रूप से घायल युवकों को बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल रेफर किया गया है. फिलहाल सभी घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और प्रशासन पूरे मामले की निगरानी कर रहा है.

