धनबाद/ Shubham Mishra जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भिखराजपुर में रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार देर शाम निकाले जा रहे अखाड़ा जुलूस के दौरान अचानक पथराव की घटना से अफरा- तफरी मच गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहा था. इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी. घटना के बाद जुलूस में शामिल लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई.

पथराव की इस घटना में करीब एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस- प्रशासन तत्काल हरकत में आ गया. भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया.
मौके पर डीएसपी और सिटी एसपी समेत कई वरीय अधिकारी पहुंचे और हालात का जायजा लिया. अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की.
पुलिस के अनुसार इलाके में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार गश्त की जा रही है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पथराव में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

