
सरायकेला: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चांडिल थाना क्षेत्र के नव प्राथमिक विद्यालय, हरिजन टोला, चांडिल में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जागरूकता एवं शैक्षणिक सहयोग कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, पुलिस पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों की उपस्थिति रही.


इस दौरान थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बच्चों के बीच कॉपी, पेन, पेंसिल सहित अन्य पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया. उन्होंने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज और पुलिस के बीच विश्वास एवं सहयोग का मजबूत रिश्ता कायम करना भी है. उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया.
थाना प्रभारी ने बच्चों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि वे अपने अभिभावकों को भी हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें. उन्होंने कहा कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में भी विस्तार से बताया गया. थाना प्रभारी ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है. बच्चों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके खिलाफ जागरूक करें.
इसके अलावा बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी गई. उन्हें बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति गलत तरीके से छूने का प्रयास करे या असहज महसूस कराए तो तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को इसकी जानकारी दें. बच्चों को निर्भीक होकर अपनी बात रखने और किसी भी प्रकार की घटना छिपाने के बजाय तुरंत भरोसेमंद लोगों को बताने की सलाह दी गई.
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी सामुदायिक पुलिसिंग के तहत ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि बच्चों में कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति बेहतर समझ विकसित हो सके तथा पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास का संबंध और मजबूत हो.


