कांड्रा: भक्ति अगर आधुनिक संगीत और डीजे बीट्स के अंदाज में परोसी जाए तो उसका स्वरूप कितना आकर्षक हो सकता है, इसकी झलक मंगलवार, 3 नवंबर को कांड्रा में देखने को मिलेगी. कांड्रा-सरायकेला मेन रोड स्थित शेन इंटरनेशनल स्कूल में पहली बार भव्य ‘लाइव भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. कार्यक्रम शाम 6 बजे से शुरू होगा. इसमें पारंपरिक भजन, आधुनिक संगीत, डीजे बीट्स और सामूहिक कीर्तन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा.


कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ख्यातिप्राप्त गायक एवं संगीतकार साधु तिवारी (हनुमान अंश) की लाइव प्रस्तुति होगी. उनके साथ गायक ऋषभ अग्रवत भी अपनी प्रस्तुति देंगे. सूरत से आने वाली संगीत टीम भी कार्यक्रम में रंग भरेगी. कार्यक्रम का प्रबंधन ओम साईं इवेंट्स की ओर से किया जा रहा है.
आयोजकों आशुतोष तिवारी, राहुल तिवारी और यश रायचंद, निहारिका सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पास की व्यवस्था की गई है. मंगलवार सुबह 9 बजे से शेन इंटरनेशनल स्कूल परिसर में पास का वितरण किया जाएगा. वीआईपी पास की कीमत 1500 रुपये और जनरल पास की कीमत 500 रुपये निर्धारित की गई है. कार्यक्रम स्थल पर तीन हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है. अलग-अलग श्रेणियों में सीटिंग अरेंजमेंट के साथ लोगों के लिए सात्विक खान-पान की भी व्यवस्था रहेगी.

आयोजकों ने बताया कि भजन क्लबिंग महज एक संगीत कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी को सनातन संस्कृति, भक्ति परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का एक अभिनव प्रयास है. इसमें पारंपरिक भजनों को आधुनिक डीजे बीट्स और ऊर्जावान संगीत के साथ प्रस्तुत किया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान लाइव भजन, भक्तिमय नृत्य और सामूहिक कीर्तन का भी संगम देखने को मिलेगा.
आयोजकों को उम्मीद है कि भक्ति और आधुनिक संगीत के इस अनूठे प्रयोग को कांड्रा, सरायकेला और जमशेदपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों का भरपूर समर्थन मिलेगा.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

