आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में सोमवार रात सनसनीखेज गोलीबारी की घटना सामने आई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 111 सेव लाइफ अस्पताल के संचालक डॉ. ओपी आनंद को उनके सगे भाई एवं गायत्री शिक्षा निकेतन के संचालक सत्य प्रकाश सुधांशु ने कथित तौर पर गोली मार दी. गोली डॉ. ओपी आनंद की पीठ में लगी है.


गंभीर रूप से घायल डॉ. आनंद को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. प्रारंभिक सूचना के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है. आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने बताया कि डॉ. ओपी आनंद की पत्नी ने पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी. पत्नी ने पुलिस को बताया कि सत्य प्रकाश सुधांशु ने उनके पति को गोली मारी है. सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी.

प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है. हालांकि गोली चलाने की वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है. घटना के बाद से सत्य प्रकाश सुधांशु का मोबाइल स्विच ऑफ मिल रहा है. थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने बताया कि गोली डॉ. ओपी आनंद की पीठ में लगी है. घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ घटना में प्रयुक्त हथियार और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है. जांच के बाद ही गोलीबारी की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

