जामताड़ा/आसनसोल: त्योहारों के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ और अतिरिक्त आवागमन की जरूरत को देखते हुए पूर्व रेलवे ने रांची और पूर्णिया कोर्ट के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. इस विशेष ट्रेन के परिचालन से झारखंड और बिहार के यात्रियों को काफी राहत मिलेगी. खासकर जामताड़ा, चित्तरंजन, मधुपुर, देवघर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.


रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 08625 रांची–पूर्णिया कोर्ट स्पेशल 6 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को परिचालित होगी. इस दौरान ट्रेन कुल तीन फेरे लगाएगी. रांची से यह ट्रेन शाम 6 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 11:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी.
वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 08626 पूर्णिया कोर्ट–रांची स्पेशल 7 नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी. यह ट्रेन पूर्णिया कोर्ट से दोपहर 3 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 9:45 बजे रांची पहुंचेगी. वापसी में भी ट्रेन कुल तीन फेरे लगाएगी.
चित्तरंजन, मधुपुर और देवघर में होगा ठहराव
इस विशेष ट्रेन का ठहराव मुरी, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, चित्तरंजन, मधुपुर, देवघर और बांका समेत विभिन्न स्टेशनों पर होगा. इससे इन रेलखंडों के यात्रियों को त्योहारों के दौरान आवागमन के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी. खासकर बिहार और झारखंड के बीच यात्रा करने वाले लोगों को इसका लाभ मिलेगा.
22 कोच के साथ परिचालित होगी ट्रेन
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाने का निर्णय लिया है. इनमें 13 सामान्य द्वितीय श्रेणी, चार सामान्य आसनयान, तीन वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और दो द्वितीय श्रेणी सह सामान यान (एसएलआरडी) कोच शामिल होंगे.
रेलवे की इस पहल से त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त रेल विकल्प उपलब्ध होगा. साथ ही नियमित ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ और दबाव कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

