आदित्यपुर: दीपावली एवं धनतेरस पर्व के मद्देनजर सोमवार की संध्या आदित्यपुर थाना परिसर में क्षेत्र के आभूषण (ज्वेलरी) दुकानदारों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में पर्व के दौरान आभूषण दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.


इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने सभी दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने, सुरक्षा गार्ड की तैनाती करने तथा दुकानों के आसपास सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए. विशेष रूप से धनतेरस और दीपावली के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की गई.
पुलिस ने दुकानदारों से कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल थाना को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके. साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के उद्देश्य से दीपावली तक क्षेत्र की आभूषण दुकानों में पुलिस बल की भी प्रतिनियुक्ति की जा रही है.
बैठक में पुलिस ने दुकानदारों को भरोसा दिलाया कि पर्व के दौरान क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और व्यापारियों एवं ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद रहेगी.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

