चांडिल: ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने सोमवार को प्रखंड क्षेत्र में विधायक मद से निर्मित करीब 16.5 लाख रुपये की लागत वाली तीन पीसीसी सड़कों का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया.

जानकारी के अनुसार चौका के बरडीह में लखु उरांव के घर से मीरुडीह स्कूल तक 450 फीट सड़क का निर्माण 6 लाख 34 हजार 900 रुपये की लागत से किया गया है. वहीं काशीडीह टोला मुकरुमडीह में लेडा मांझी के घर की ओर 500 फीट सड़क का निर्माण 7 लाख 8 हजार 300 रुपये में कराया गया. इसके अलावा चौका में बैद्यनाथ महतो के घर से पीसीसी रोड तक 230 फीट सड़क का निर्माण 3 लाख 24 हजार 900 रुपये की लागत से हुआ है.
विधायक सविता महतो ने कहा कि ग्रामीणों की मांग पर इन सड़कों का निर्माण कराया गया है. उन्होंने बताया कि पक्की सड़क बनने से खासकर बरसात के मौसम में लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी. उद्घाटन के मौके पर झामुमो के कई पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला और पुरुषों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया.

