चांडिल: हरियाणा के भिवाड़ी में हुए दर्दनाक हादसे में मृत ईचागढ़ के दो मजदूरों के श्राद्धक्रम में विधायक सविता महतो शामिल हुईं. उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर गहरा शोक व्यक्त किया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया.

विदित हो कि दिल्ली- जयपुर हाईवे स्थित कापड़ियावास क्षेत्र में एक निर्माणाधीन साइट पर खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा हुआ था. इस घटना में कुल छह मजदूरों की मौत हो गई थी, जिनमें ईचागढ़ प्रखंड के बुरुहातू निवासी शिव शंकर सिंह मुंडा और हुंडी निवासी परमेश्वर महतो शामिल थे.
सोमवार को दोनों मृतकों के गांव में श्राद्धक्रम का आयोजन किया गया, जहां विधायक सविता महतो पहुंचीं और शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया. इस दौरान उन्होंने घटना को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताते हुए कहा कि बाहर काम करने गए मजदूरों की इस तरह मौत होना पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है.
विधायक ने बताया कि कंपनी की ओर से मृतकों के परिजनों को मुआवजा राशि प्रदान कर दी गई है.
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आगे किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर वे हर स्तर पर सहयोग के लिए तत्पर रहेंगी. इस अवसर पर झामुमो के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

