चांडिल/ Vikash Thakur अनुमंडल के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत ओरया पंचायत में लाह उत्पादन को प्रोत्साहित करने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण- सह-टूल किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम उपायुक्त के निर्देशानुसार सिडकोफेड (SIDKOFED) के माध्यम से संपन्न हुआ, जिसमें कुल 170 चयनित लाह किसानों ने भाग लिया.

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने किसानों को लाह की उन्नत खेती, वैज्ञानिक तकनीकों, रोग नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन और विपणन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं. साथ ही व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से आधुनिक पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि किसान बेहतर उत्पादन कर अपनी आय में वृद्धि कर सकें.
इस अवसर पर किसानों के बीच टूल किट का वितरण भी किया गया, जिससे वे लाह उत्पादन से जुड़े कार्यों को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित तरीके से कर सकें. विशेषज्ञों ने बताया कि लाह उत्पादन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं, जो ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ-साथ किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.
किसानों को समूह आधारित कार्यों से जुड़ने, प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने और सरकारी योजनाओं के साथ समन्वय स्थापित कर अधिकतम फायदा लेने की सलाह दी गई. कार्यक्रम में जिला सहकारिता पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

