सरायकेला: जिले में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी को लेकर छोटे दुकानदारों, होटल एवं ढाबा संचालकों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. इस गंभीर मुद्दे को उठाते हुए नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने उपायुक्त को पत्र लिखकर तत्काल समाधान की मांग की है.

अध्यक्ष ने अपने पत्र में कहा है कि गैस की किल्लत के कारण छोटे व्यापारियों के सामने व्यवसाय चलाना मुश्किल हो गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े उद्योगों, जैसे श्री सीमेंट, को प्राथमिकता देकर गैस की आपूर्ति की जा रही है, जबकि छोटे दुकानदारों की जरूरतों को नजरअंदाज किया जा रहा है.
उन्होंने केंद्र सरकार की गैस आपूर्ति व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और संतुलन की कमी साफ दिखाई दे रही है, जिसका खामियाजा छोटे व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है.
पत्र के माध्यम से अध्यक्ष ने उपायुक्त से मांग की है कि जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की जाए और छोटे दुकानदारों, होटल एवं ढाबा संचालकों को प्राथमिकता के आधार पर कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए.
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो छोटे व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे.

