चांडिल/ Afroz Mallik अनुमंडल के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत तमोलिया के बारीनगर में रामनवमी विसर्जन के अवसर पर शनिवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम जय श्री राम अखाड़ा समिति की ओर से आयोजित किया गया.

इस दौरान कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार और सब- इंस्पेक्टर रंजीत कुमार सिंह को समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों द्वारा सम्मानित किया गया. दोनों पुलिस पदाधिकारियों को तलवार भेंट कर और पगड़ी पहनाकर सम्मान प्रकट किया गया.
समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार सिंह उर्फ दीपू ने कहा कि रामनवमी जैसे बड़े पर्व के दौरान विधि- व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका सराहनीय रही, जिसके लिए यह सम्मान दिया गया.
वहीं ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने समिति और स्थानीय बस्तीवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आम लोगों के सहयोग से ही पर्व- त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होते हैं.
रामनवमी के अवसर पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी गई और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई. पुलिस द्वारा लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर रखी गई, जिससे किसी भी तरह की अनहोनी नहीं हुई. प्रशासन की सतर्कता और आम लोगों के सहयोग से कपाली क्षेत्र में रामनवमी विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ.

