सरायकेला/ Pramod Singh जिले की राजनीति में शनिवार को हुए दल- बदल की घटना के बाद सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है. पवन कवि के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद अब झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है.

झारखंड मुक्ति मोर्चा के सरायकेला नगर अध्यक्ष शंभू आचार्य ने इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ा बयान देते हुए कहा कि भाजपा में शामिल हुए लोगों का पार्टी से कभी वास्तविक जुड़ाव नहीं रहा. उन्होंने कहा, “जो लोग पवन कवि के नेतृत्व में भाजपा में गए हैं, वे अवसरवादी हैं. उनका झारखंड मुक्ति मोर्चा से कोई वास्तविक नाता नहीं था. ये लोग केवल अपने स्वार्थ के लिए दल बदल रहे हैं.”
शंभू आचार्य ने आगे कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा एक मजबूत और जमीनी पार्टी है, जिसे इस तरह के घटनाक्रम से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है. उन्होंने दावा किया कि पार्टी के असली कार्यकर्ता आज भी मजबूती से संगठन के साथ खड़े हैं और आगे भी रहेंगे. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी संगठन पहले से अधिक मजबूत है और आने वाले समय में झारखंड मुक्ति मोर्चा जनता के बीच और सशक्त रूप में अपनी पकड़ बनाएगी.
गौरतलब है कि शनिवार को पवन कवि के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने झामुमो छोड़कर भाजपा का दामन थामा था, जिसके बाद से जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. अब देखना दिलचस्प होगा कि इस सियासी बयानबाज़ी का असर आने वाले दिनों में सरायकेला की राजनीति पर किस रूप में पड़ता है.

