खूंटी: जिले के उलिहातु स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पर देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित की. उलिहातु पहुंचने पर उपराष्ट्रपति का पारंपरिक नृत्य दल द्वारा भव्य स्वागत किया गया. उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और स्थानीय संस्कृति के प्रति सम्मान प्रकट किया.

इस दौरान झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार भी उनके साथ मौजूद रहे. दोनों नेताओं ने बिरसा ओड़ा पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और विधि- विधान से पूजा- अर्चना की.

इसके बाद उपराष्ट्रपति ने भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों और उनके सेनापति गया मुंडा के वंशजों से मुलाकात की. उन्होंने उनका हालचाल जाना और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. उपराष्ट्रपति ने बिरसा पार्क स्थित आदमकद प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया. साथ ही स्थानीय ग्रामीणों और बच्चों से मुलाकात कर उन्हें चॉकलेट और बिस्किट देकर उत्साहित किया.
विशेष बात यह रही कि पहली बार किसी उच्च पद पर आसीन व्यक्ति ने इस तरह सीधे ग्रामीणों से संवाद किया, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल देखा गया. उपराष्ट्रपति का यह दौरा केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोगों से जुड़ाव और सम्मान का संदेश भी दे गया.

