चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी बेटे ने अपनी बुजुर्ग मां की बेरहमी से हत्या कर दी. घटना कमरोड़ा गांव की बताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार आरोपी युवक ने अपनी मां को पहले लाठी-डंडे से पीटा और फिर लोहे के दाऊली से हमला कर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद उसने शव को आंगन में ही लकड़ी डालकर जला दिया और मौके से फरार हो गया.
पुलिस के मुताबिक घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र की ओर भाग गया है. गुदड़ी थाना पुलिस ने रनिया थाना पुलिस के सहयोग से आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. पुलिस ने घटनास्थल से शव के अवशेष बरामद कर उसे डीएनए जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि पहचान और साक्ष्य को मजबूत किया जा सके. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी युवक का आपराधिक इतिहास भी रहा है. बताया जा रहा है कि करीब 8- 10 वर्ष पहले उसने अपने पिता की भी कुल्हाड़ी से हत्या की थी. इसके बाद उसकी मानसिक स्थिति खराब पाई गई थी और उसे इलाज के लिए रांची स्थित मानसिक स्वास्थ्य केंद्र में रखा गया था. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.

