आदित्यपुर: थाना क्षेत्र में एक ओर जहां संजय इलेक्ट्रॉनिक्स गोलीकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है, वहीं दूसरी ओर मंगलवार को दिनदहाड़े छिनतई की घटना ने कानून- व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

मिली जानकारी के अनुसार दिंदली बाजार में रेखा पांडे नामक महिला से कुछ युवकों ने पर्स छीनकर भागने की कोशिश की. घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को खदेड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.
हालांकि, आरोप है कि आदित्यपुर थाना पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों को थाने से ही छोड़ दिया, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है. लोगों का कहना है कि जब आम जनता अपराधियों को पकड़कर पुलिस को सौंप रही है, तब भी अगर कार्रवाई नहीं होती है तो अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे.
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से अपेक्षित सख्ती नहीं दिख रही है. इससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है. फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. वहीं संजय इलेक्ट्रॉनिक्स गोलीकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से भी लोगों में नाराजगी बनी हुई है.

