चांडिल. वर्षों से पितकी रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से परेशान चांडिलवासियों को शनिवार को बड़ी राहत मिली. लंबे इंतजार के बाद पितकी रेलवे ओवरब्रिज का विधिवत उद्घाटन कर इसे आम जनता के लिए समर्पित कर दिया गया. ओवरब्रिज के उद्घाटन के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल देखा गया.


पितकी रेलवे ओवरब्रिज का उद्घाटन रांची सांसद सह केंद्रीय राज्य रक्षा मंत्री संजय सेठ ने किया. इस मौके पर ईचागढ़ विधायक सविता महतो, जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो समेत बड़ी संख्या में भाजपा और झामुमो के नेता, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा स्थानीय लोग मौजूद रहे.
पितकी रेलवे फाटक पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक बंद होने से चांडिल क्षेत्र में अक्सर लंबा जाम लग जाता था. खासकर टाटा-पुरुलिया मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगने से लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ता था. रेलवे ओवरब्रिज के चालू होने से अब लोगों को इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है.

ओवरब्रिज के शुरू होने से लोगों के समय की बचत होने के साथ यातायात व्यवस्था में सुधार की संभावना है. इसके अलावा क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है. आपातकालीन वाहनों के आवागमन में भी ओवरब्रिज से सुविधा मिलेगी.

स्थानीय लोगों ने ओवरब्रिज के उद्घाटन पर खुशी जताई. लोगों ने कहा कि यह चांडिल क्षेत्र के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित सौगात थी. इसके चालू होने से पितकी रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से लोगों को स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है. इससे पूर्व स्थानीय लोगों ने सांसद को मांग पत्र सौंपते हुए सुरक्षा की मांग की. ग्रामीणों ने सड़क पर बैरियर लगाने की मांग की ताकि पुल से वाहनो के आवागमन के दौरान रफ़्तार पर ब्रेक लगे. सांसद ने तत्काल एनएचएआई को ग्रामीणों की मांग पर पहल करने का निर्देश दिया.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर

