सरायकेला: जिला अंतर्गत पीएम श्री विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए नगर भवन सभागार में जिला स्तरीय सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया.

इस प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों के लिए म्यूजिकल चेयर, बैलून फोड़ और इन- आउट गतिविधियों का आयोजन किया गया. वहीं कक्षा 6 से 8 और 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए लूडो, कैरम और शतरंज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागी बच्चों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए. साथ ही प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी और शील्ड देकर सम्मानित किया गया. प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यालयों को भी प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया गया.
इस मौके पर उपायुक्त ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शैक्षणिक के साथ-साथ सह- शैक्षणिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि इससे बच्चों के सर्वांगीण विकास और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है.
वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा ने विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों में बढ़- चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया.

