गम्हरिया: सरायकेला जिले के गम्हरिया थाना अंतर्गत छोटा गम्हरिया क्षेत्र में जमीन खरीदने वाले लोगों का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा, जब छह वर्षों बीत जाने के बावजूद उन्हें जमीन का कब्जा नहीं मिला. आरोप है कि बिल्डर जीतेन्द्र नाथ मिश्रा ने वर्ष 2020 में छोटा गम्हरिया स्थित केरला पब्लिक स्कूल के पास जमीन दिखाकर छह लोगों से करीब 55 लाख रुपये लेकर रजिस्ट्री भी कर दी थी, लेकिन छह साल बीत जाने के बाद भी जमीन का पोजेशन नहीं दिया गया.

पीड़ित खरीदारों का कहना है कि बिल्डर लगातार “आज-कल” कहकर टालमटोल करता रहा, जिससे उनमें आक्रोश बढ़ता गया. आखिरकार शुक्रवार को सभी खरीदार धीराजगंज स्थित बिल्डर के कार्यालय पहुंच गए और जमकर हंगामा किया. इस दौरान खरीदारों और बिल्डर के बीच काफी देर तक कहासुनी हुई. बाद में दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई, जिसमें बिल्डर ने 10 मई तक दो लोगों को पैसा वापस करने और चार लोगों को जमीन का कब्जा देने का लिखित आश्वासन दिया.
आश्वासन के बाद फिलहाल खरीदारों का गुस्सा शांत हो गया है, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी है कि तय समय सीमा में समाधान नहीं हुआ तो वे आर- पार की लड़ाई लड़ने को मजबूर होंगे.

