जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जहां करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर करमाटांड़ थाना अंतर्गत रतनोडीह गांव स्थित परती टांड़ के पास छापेमारी की गई. इस दौरान साइबर ठगी करते हुए आरोपी अबुल अंसारी (28 वर्ष) को मौके से मोबाइल और सिम के साथ गिरफ्तार किया गया.
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी YONO ऐप चालू कराने के नाम पर लोगों को कॉल करता था. इसके बाद व्हाट्सएप और स्क्रीन शेयरिंग एप के माध्यम से लोगों से स्क्रीन शेयर कराकर उनका यूजर आईडी और पासवर्ड बनवाता था और ओटीपी हासिल कर नेट बैंकिंग के जरिए उनके खातों से ठगी करता था.
इस संबंध में जामताड़ा साइबर थाना कांड संख्या 19/26, दिनांक 02.04.2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की. छापेमारी दल का नेतृत्व पुनि. मनीष कुमार गुप्ता ने किया, जबकि टीम में पुअनि. कुन्दन कुमार वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या लिंक के माध्यम से अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें और सतर्क रहें.

