चतरा: जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई.

घटना मूर्वे स्टेडियम के समीप हुई, जहां रेलवे कार्य में लगी मिट्टी ढुलाई कर रही तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवती को तुरंत सिमरिया अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. मृतक की पहचान टंडवा थाना क्षेत्र के कसियाडीह गांव निवासी के रूप में की गई है. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है. सूचना मिलते ही सिमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है.

