बोकारो: जिले के हरला थाना क्षेत्र में नशे के लिए पैसे नहीं देने पर 65 वर्षीय बुजुर्ग की पत्थर से कूचकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतक की पहचान भरत सिंह के रूप में हुई है. पुलिस ने मामले में आरोपी पंकज साव उर्फ पंकज वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है.


पुलिस के अनुसार घटना शनिवार की सुबह करीब 5:15 बजे सेक्टर-9 स्थित सरदार पटेल स्कूल के पास हुई. आरोपी ने कथित तौर पर भरत सिंह से नशा करने के लिए पैसे मांगे. पैसे देने से इनकार करने पर उनके पॉकेट से मोबाइल छीनने का प्रयास किया. भरत सिंह के विरोध करने पर आरोपी ने सड़क किनारे पड़े पत्थर से हमला कर उनकी हत्या कर दी.
घटना की सूचना मिलते ही नगर डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. पुलिस ने तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी पंकज साव उर्फ पंकज वर्मा को सेक्टर-9, स्ट्रीट-36 स्थित वैशाली मोड़ से गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल पत्थर, आरोपी का कथित खून लगा शर्ट, मृतक का मोबाइल, टूटा हुआ चश्मा और आरोपी का कंबल बरामद किया है.
इस संबंध में हरला थाना कांड संख्या 109/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

