राजनगर: सरायकेला- खरसावां जिले के राजनगर में मां लक्ष्मी की आराधना को लेकर उत्साह का माहौल है. श्री श्री सार्वजनिक लक्ष्मी पूजा कमेटी की ओर से आयोजित पूजा के लिए आकर्षक पंडाल बनकर तैयार हो गया है. अब श्रद्धालुओं को पंडाल के उद्घाटन और मां लक्ष्मी के दर्शन का इंतजार है.


कमेटी के अनुसार रविवार को पूजा पंडाल का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा. सरायकेला- खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयरी मुख्य रूप से पंडाल का उद्घाटन करेंगे. आयोजन को लेकर कमेटी की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
*26 को भंडारा, 27 को प्रतिमा विसर्जन*
तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत 25 अक्टूबर को पंडाल का उद्घाटन होगा. 26 अक्टूबर को भंडारा आयोजित किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण होगा. इसके बाद 27 अक्टूबर को मां लक्ष्मी की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा.
गौरतलब है कि राजनगर में श्री श्री सार्वजनिक लक्ष्मी पूजा कमेटी की ओर से वर्ष 1995 से लगातार लक्ष्मी पूजा आयोजित की जा रही है. करीब तीन दशक पुरानी यह परंपरा स्थानीय लोगों की धार्मिक आस्था से जुड़ी हुई है. प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां लक्ष्मी की पूजा- अर्चना कर सुख- समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

