बोकारो: जिले के चंद्रपुरा प्रखंड के दुग्दा स्थित बीसीसीएल कॉलोनी के एम ब्लॉक में गैस लीक होने से एक क्वार्टर में अचानक आग लग गई. घटना क्वार्टर संख्या M-41/1 की है. आग तेजी से फैलने के कारण घर में मौजूद कई कीमती घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए. हादसे में गृहिणी गणेशमती चौहान घायल हो गईं.


गृहस्वामी जीवन चौहान के अनुसार गैस खोलने के दौरान अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते आसपास रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया. आग में कूलर, पंखा, वाशिंग मशीन, गीजर, टेलीविजन, वाटर प्यूरीफायर, दरवाजे समेत अन्य घरेलू सामान जल गए. परिवार ने लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई है.
जीवन चौहान ने बताया कि आग लगने के बाद किसी तरह जलती हुई गैस को घर से बाहर निकाला गया. उनका कहना है कि यदि समय रहते ऐसा नहीं किया जाता तो एम ब्लॉक में आग फैलने से बड़ा हादसा हो सकता था. घटना के बाद परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है. स्थानीय प्रत्यक्षदर्शी ज्योतिष चौहान ने भी घटना की जानकारी दी.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

