बोकारो: चोरी हुए बकरे को लेकर आवाज उठाना एक युवक को भारी पड़ गया. आरोप है कि बकरा चोरी का विरोध करने पर कुछ लोगों ने युवक को बहाने से बुलाकर जंगल में ले गए और उसकी बेरहमी से पिटाई कर अधमरा छोड़ दिया. गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज बोकारो सदर अस्पताल में चल रहा है.


मामला बोकारो जिले के माराफारी थाना क्षेत्र का है. घायल युवक सीबू शरण मूल रूप से दुमका का रहने वाला है और वर्तमान में एलएच क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहता है. बताया जा रहा है कि उसने काफी मेहनत से एक बकरे को पाल-पोसकर बड़ा किया था. आरोप है कि उसके परिचित लोगों ने ही बकरे की चोरी कर ली.
बकरे के चोरी होने की जानकारी मिलने के बाद युवक ने नाराजगी जाहिर की और कथित तौर पर आरोपियों के खिलाफ विरोध जताया. इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने उसे खाने-पीने के बहाने अपने साथ बुलाया और जंगल की ओर ले गए.
पीड़ित के अनुसार जंगल पहुंचने के बाद 8 से 10 लोगों ने लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से उसकी जमकर पिटाई की. मारपीट के बाद आरोपी उसे गंभीर हालत में जंगल में छोड़कर फरार हो गए. घायल युवक पूरी रात बेहोशी की हालत में जंगल में पड़ा रहा.
सुबह होश आने पर उसने किसी तरह जंगल से बाहर निकलकर मदद की गुहार लगाई. इसी बीच उसकी तलाश कर रहे परिजन भी वहां पहुंच गए. घटना की सूचना मिलने पर माराफारी थाना पुलिस सक्रिय हुई और घायल युवक को इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल में भर्ती युवक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं. दर्द के कारण वह अस्पताल के बेड पर कराह रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

