
बोकारो: जिले में अवैध लकड़ी तस्करी और बिना अनुमति संचालित आरा मिलों के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच ट्रैक्टर लकड़ी जब्त की है. छापेमारी के दौरान पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.


जानकारी के अनुसार वन विभाग को गोमिया प्रखंड के तुलबुल और ढेंढे क्षेत्र में अवैध रूप से आरा मिलों के संचालन की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर वन अधिकारियों की टीम ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान पांच ट्रैक्टर अवैध लकड़ी, आरा मशीनें और अन्य उपकरण बरामद किए गए.
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि लुगु बुरु पहाड़ के जंगलों से अवैध रूप से पेड़ों की कटाई कर लकड़ियों को इन आरा मिलों तक पहुंचाया जा रहा था. यहां लकड़ियों की चिराई कर बाजार में बेचा जाता था. छापेमारी के दौरान संचालक लकड़ी परिवहन और आरा मिल संचालन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके.
वन विभाग ने मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया. अधिकारियों का कहना है कि अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है. मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जंगलों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभाग पूरी तरह सतर्क है. अवैध कटाई, लकड़ी तस्करी और बिना अनुमति संचालित आरा मिलों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा.
इस कार्रवाई के बाद अवैध लकड़ी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है. वन विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि जंगलों में अवैध कटाई या तस्करी की सूचना मिलने पर तत्काल विभाग को जानकारी दें.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा


