मधेपुरा: विधानसभा चुनाव के बीच राजद प्रत्याशी और पूर्व शिक्षा मंत्री प्रोफेसर चंद्रशेखर को बालम गढ़िया में आयोजित काली पूजा कार्यक्रम के दौरान असहज स्थिति का सामना करना पड़ा. सदर प्रखंड के आदर्श ग्राम पंचायत बालम गढ़िया के वार्ड नंबर 6 में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में वे बतौर अतिथि पहुंचे थे, लेकिन मंच पर पहुंचते ही कुछ युवाओं ने जनता से जुड़े सवाल दाग दिए. मंच पर जय मां काली के जयकारे गूंज रहे थे और चारों ओर धार्मिक माहौल था. इसी बीच युवाओं ने विधायक से क्षेत्र की समस्याओं और अधूरे वादों को लेकर सवाल करने शुरू कर दिए. अचानक हुए इस वाकये से मंच पर मौजूद नेताओं और आयोजकों में हलचल मच गई.

प्रो. चंद्रशेखर ने स्थिति को संभालने की कोशिश की और युवाओं से शांत रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि वे जनता के सवालों से भागने वाले नहीं हैं और हर मुद्दे पर खुलकर बात करने को तैयार हैं. हालांकि, तब तक कुछ युवाओं ने इस पूरे घटनाक्रम को मोबाइल पर रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर लाइव कर दिया.
वीडियो के वायरल होते ही यह मामला चर्चा में आ गया है. वीडियो में प्रो. चंद्रशेखर को मंच पर मौजूद देखते हुए कुछ युवाओं को सवाल करते और आयोजकों को स्थिति संभालते देखा जा सकता है. स्थानीय लोगों के अनुसार, इस घटना से यह साफ झलकता है कि आम जनता अब नेताओं से जवाब मांग रही है. वहीं, समर्थकों का कहना है कि प्रो. चंद्रशेखर ने संयम और धैर्य से स्थिति को संभालकर परिपक्व राजनीति का परिचय दिया.
आप भी देखिए viral video

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
