आदित्यपुर: सरायकेला जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसंगी में खरकाई नदी पर बने चेक डैम में नहाने के दौरान दो स्कूली छात्रों के डूबने से इलाके में सनसनी फैल गई है.

मिली जानकारी के अनुसार सेंट्रल पब्लिक स्कूल के नौवीं कक्षा के तीन छात्र- गोडविन थॉमस, रौनक भारद्वाज और प्रशांत कुमार स्कूल से भागकर चेक डैम पहुंचे थे. इसी दौरान रौनक और गोडविन ने नहाने के उद्देश्य से चेक डैम में छलांग लगा दी, लेकिन गहराई और तेज बहाव के कारण दोनों डूब गए.
बताया जा रहा है कि साथ में मौजूद प्रशांत कुमार ने दोनों को डूबता देख आसपास नहा रहे लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. इसके बाद प्रशांत ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी.
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद रौनक भारद्वाज का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे छात्र की तलाश जारी है.
हालांकि घटना के करीब एक घंटे बाद तक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो पाने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी गई. आरआईटी थाना पुलिस पूरे मामले की निगरानी कर रही है और सर्च ऑपरेशन जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही दोनों छात्रों के परिजन मौके पर पहुंच गए. गोडविन और रौनक अपने- अपने परिवार के इकलौते बेटे बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है. जानकारी के अनुसार रौनक भारद्वाज के परिजन आदित्यापुर कॉलोनी रोड नंबर 11 में रहते हैं, जबकि गोडविन थॉमस के परिजन रोड नंबर 27 में निवास करते हैं. इस दर्दनाक हादसे के बाद एक बार फिर नदी और चेक डैम जैसे स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.

