आदित्यपुर: झारखंड शहरी निकाय चुनाव 2026 को लेकर आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में वार्ड संख्या 34 से पार्षद पद के लिए ज्योति कुमारी ने नामांकन प्रपत्र खरीदकर अपनी आधिकारिक दावेदारी पेश कर दी है. नामांकन प्रपत्र खरीदते ही वार्ड में चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

ज्योति कुमारी भाजपा नेता दीपक सिंह की पत्नी हैं. वे शिक्षित होने के साथ- साथ सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रही हैं. बताया जाता है कि उनका परिवार लंबे समय से क्षेत्र में सामाजिक कार्यों से जुड़ा रहा है और स्थानीय स्तर पर लोगों के बीच उनकी पहचान है.
वार्ड 34 में निवर्तमान पार्षद के कार्यकाल को लेकर क्षेत्र के कई लोगों में असंतोष की चर्चा है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई कार्य अब तक अधूरे हैं. सड़क, नाली, पेयजल और साफ- सफाई जैसी मूलभूत समस्याएं पूरी तरह हल नहीं हो सकी हैं. ऐसे में इस बार चुनाव में बदलाव की मांग प्रमुख मुद्दा बनती दिख रही है.
नामांकन प्रपत्र खरीदने के बाद ज्योति कुमारी ने कहा कि वार्ड की जनता ने उन्हें आगे बढ़कर प्रतिनिधित्व करने का आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो वे वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देंगी. उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति नहीं बल्कि सेवा है. वे पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी के साथ काम करने का प्रयास करेंगी.
उन्होंने कहा कि वार्ड 34 में विकास कार्यों की गति तेज करना, महिलाओं और युवाओं के लिए योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना तथा साफ- सुथरा और सुरक्षित माहौल बनाना उनकी प्राथमिकता होगी.
ज्योति कुमारी के मैदान में उतरने से वार्ड 34 का चुनाव दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है. आने वाले दिनों में अन्य संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता के साथ चुनावी मुकाबला और रोचक होने के संकेत हैं.

