सरायकेला/ Pramod Singh नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 9 तेली साई से कालीचरण साहू ने निकाय चुनाव में अपनी दावेदारी पेश कर दी है. गुरुवार से शुरू हुई नामांकन प्रपत्रों की बिक्री के दूसरे दिन शुक्रवार को उन्होंने वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन पत्र खरीदा.

नामांकन पत्र खरीदने के बाद कालीचरण साहू ने कहा कि अब समय आ गया है कि संवैधानिक पद का चुनाव लड़कर क्षेत्र की जनता की सेवा की जाए. उन्होंने बताया कि वे लंबे समय से वार्ड के लोगों के बीच रहकर सामाजिक कार्य करते आ रहे हैं. इस बार जनता ने उन्हें प्रतिनिधित्व करने का निर्देश दिया है.
उन्होंने दावा किया कि वार्ड संख्या 9 की जनता का उन्हें व्यापक समर्थन मिल रहा है. उनके अनुसार पिछले 15 वर्षों में वार्ड अपेक्षित विकास से वंचित रहा है. पूर्व के जनप्रतिनिधि जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके. ऐसे में इस बार जनता बदलाव चाहती है और उन्हें अवसर देने का भरोसा जता रही है.
कालीचरण साहू ने कहा कि यदि उन्हें वार्ड पार्षद चुना जाता है तो वे क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देंगे. साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना, सड़क और नाली निर्माण, पेयजल समस्या का समाधान और अन्य नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा.

