जामताड़ा: विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को वृद्धाश्रम, जामताड़ा में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) की ओर से विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया. शिविर का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना था.


कार्यक्रम में डीएलएसए के सचिव पवन कुमार, एलएडीसीएस अधिवक्ता सरिता बर्मन एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती कालानाथ मुख्य रूप से उपस्थित रहीं. अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं और अनुभवों की जानकारी ली तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया.
शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को भरण-पोषण का अधिकार, सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार, संपत्ति एवं उत्तराधिकार से जुड़े कानूनी अधिकार, सामाजिक सुरक्षा तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई. साथ ही बताया गया कि किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है.
एलएडीसीएस अधिवक्ता सरिता बर्मन ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के हितों और सम्मान की रक्षा के लिए कानून में कई प्रावधान किए गए हैं. उन्होंने बुजुर्गों से किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर चुप नहीं रहने और उचित माध्यम से सहायता लेने की अपील की.
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती कालानाथ ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने पात्र लाभुकों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की.
डीएलएसए सचिव पवन कुमार ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार का उद्देश्य समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों तक न्याय और विधिक सहायता पहुंचाना है. वरिष्ठ नागरिक समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनके अधिकारों व सम्मान की रक्षा करना सामूहिक जिम्मेदारी है.
कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम के वरिष्ठ नागरिकों ने भी अपनी समस्याएं एवं अनुभव साझा किए. अधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया. मौके पर अधिकार मित्र मेघा गुप्ता, आनंद महतो, विश्वजीत पाल, अमित कुमार मिश्रा, जगत मोहन महतो सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

