चांडिल/ Vikash Thakur अनुमंडल के कुकड़ू प्रखंड के तिरुलडीह पंचायत स्थित सापारुम गांव में जंगली हाथी के हमले से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान राधा तंतुबाई (उम्र करीब 55 से 60 वर्ष) के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, जंगली हाथी अचानक गांव में घुस आया. इसी दौरान राधा तंतुबाई उसकी चपेट में आ गए. हाथी के हमले से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों में भय व्याप्त है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हाथियों के बढ़ते खतरे से निजात दिलाने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

