आदित्यपुर: नगर निगम के संविदाकर्मियों के पीएफ बकाया मामले में केंद्रीय भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने नगर निगम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है. ईपीएफओ जमशेदपुर ने निगम के बैंक अकाउंट को कुर्क करते हुए 18 लाख 44 हजार 530 रुपये कर्मचारियों के बकाया पीएफ के भुगतान के लिए जमशेदपुर क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त के पक्ष में भेज दिया.

जानकारी के अनुसार, आदित्यपुर नगर निगम में संविदा पर कार्यरत 18 कर्मचारियों के ईपीएफओ योगदान का भुगतान नगर निगम समय पर नहीं कर रहा था. निगम के कर्मचारियों ने इस मामले में ईपीएफओ जमशेदपुर में शिकायत दर्ज कराई थी.
ईपीएफओ कार्यालय ने इस मामले में सर्टिफिकेट केस संख्या 175 दिनांक 16.04.2025 दर्ज किया और निगम के बैंक अकाउंट को कुर्क कर दिया. इसके बाद ईपीएफ और एमपी अधिनियम 1952 की धारा 14 बी के तहत बकाया राशि के भुगतान के लिए जमशेदपुर के रिकवरी अधिकारी ने संबंधित बैंक को निर्देश दिया कि सभी खातों पर निकासी रोकी जाए और बकाया राशि डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से भविष्य निधि आयुक्त को भेजी जाए.
ईपीएफओ की इस कार्रवाई के बाद आदित्यपुर नगर निगम अब कानूनी तैयारी में जुट गया है और अपनी दलीलें पेश करने के लिए तैयार है. इस मामले में कर्मचारी भविष्य निधि की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संगठन ने सख्त रुख अपनाया है.

