चाईबासा: गुवा गोलीकांड के अमर शहीदों की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होने झामुमो के वरिष्ठ नेता एवं शिक्षाविद् प्रो. कालीपद सोरेन मंगलवार को गुवा पहुंचे. उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर आंदोलन में बलिदान देने वाले शहीदों को नमन किया.


प्रो. कालीपद सोरेन ने कहा कि गुवा गोलीकांड झारखंड के इतिहास का वह दर्दनाक अध्याय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता. जल, जंगल और जमीन के साथ झारखंड के हक-अधिकारों की लड़ाई में शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति दी. उनका संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा प्रेरित करता रहेगा.
उन्होंने कहा कि गुवा के शहीदों की स्मृति केवल श्रद्धांजलि कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए. उनके सपनों को साकार करने, आदिवासी-मूलवासियों के अधिकारों की रक्षा करने तथा जल, जंगल और जमीन को बचाने के लिए निरंतर संघर्ष करना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
कार्यक्रम में मंत्री दीपक बिरुवा, सिंहभूम सांसद जोबा माझी, मनोहरपुर विधायक जगत माझी, घाटशिला विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन, पश्चिमी सिंहभूम जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, झामुमो जिलाध्यक्ष सोनाराम सिंकू और जिला सचिव राहुल आदित्य समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने शहीद वेदी पर पुष्प अर्पित कर गुवा गोलीकांड के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी.

