सरायकेला: चौका पुलिस ने बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने से पहले छह आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में चौका थाना क्षेत्र में शराब दुकान में लूट के प्रयास, उरमाल स्थित माधुरी पेट्रोल पंप पर लूट और घाटदुलमी स्थित MOUNT 10 VIEW होटल में हुई वारदात में अपनी संलिप्तता बताई है. सोमवार को चौका थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी मनोज स्वर्गियारी ने इसका खुलासा किया.


पुलिस के मुताबिक 6 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि मतकमडीह के चुटीयाखाल टोला स्थित बंद पड़े नव प्राथमिक विद्यालय, बरियाबेड़ा में कुछ अपराधी जुटे हैं और बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं. सूचना पर विशेष टीम ने छापेमारी कर मौके से छह लोगों को दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपियों में मोनसा सिंह मुंडा, चम्बुराम मुंडा उर्फ चमुरा, सोमा मुंडा उर्फ सब्जी, देबेन मुंडा, सोमा मुंडा उर्फ करपा और रामजीत मुंडा उर्फ मंगरा मुंडा शामिल हैं.

पुलिस ने इनके पास से पिस्टल, एक जिंदा गोली, चाकू, दाउली, हथौड़ी, सात मोबाइल और तीन मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान बरामद किए हैं. बरामद मोबाइल में पूर्व की वारदातों में लूटे गए फोन भी शामिल बताए गए हैं.
पूछताछ में खुलीं पुरानी वारदातों की कड़ियां
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने 19 अगस्त को बनसा स्थित शराब दुकान में लूट के प्रयास और उरमाल के माधुरी पेट्रोल पंप पर मोबाइल व रुपये लूटने की घटना के साथ 3 सितंबर को घाटदुलमी स्थित MOUNT 10 VIEW होटल में मोबाइल छीनने की वारदात में संलिप्तता बताई है. इन मामलों से संबंधित तीन मोबाइल भी बरामद किए गए हैं. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं. चम्बुराम मुंडा उर्फ चमुरा के खिलाफ पूर्व में UAPA समेत गंभीर धाराओं में भी मामला दर्ज रहा है. पुलिस अब गिरोह की अन्य आपराधिक घटनाओं में संलिप्तता की जांच कर रही है. इस कार्रवाई में चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार, कुचाई थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार मुंडा सहित चौका थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

